बहजोई (संभल)। धनारी में कूट्टूू के आटे से बनी कचौड़ी खाकर 24 लोगों के बीमार होने के बाद से खाद्य सुरक्षा विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। इसक्रम में मंगलवार को विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद नौ दुकानों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। साथ ही तीन दुकानों से कूट्टू के आटे का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के प्रवर्तन दल ने जिले के बबराला, गुन्नौर, संभल और चंदौसी में खाद्य वस्तुओं की दुकानों पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि नवरात्र पर्व के मद्देनजर यह कार्रवाई की जा रही। मंगलवार को बबराला, गुन्नौर, चंदौसी व संभल में खाद्य वस्तुओं की दुकानों पर पहुंचकर टीम ने जांच की। इस दौरान नौ दुकानों पर चेकिंग कर खाद्य वस्तुओं में संदिग्धता सामने आने पर तीन दुकानों से कूट्टू के आटे के नमूने लेकर जांच को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कूट्टू के आटा निर्माता प्रतिष्ठानों को भी नोटिस जारी की जाएगी। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने पर नियम के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नवरात्र में शुद्घ कूट्टू के आटे समेत दूसरी खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता को निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।