त्योहारों पर अमन चैन कायम बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। धर्मस्थलों पर लाउडस्पीकर की चेकिंग के लिए उड़नदस्ता गठित किया गया है। इस दौरान जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी एसडीएम व थानों के प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसी को भी नई परंपरा नहीं पड़ने दें।
डीएम बुधवार को अपने दफ्तर पर पत्रकारों से मुखातिब थे। ईद, परशुराम जयंती व अक्षय तृतीय समेत सभी त्योहारों पर शांति बनाए रखने को लेकर प्रशासन व पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया है। सभी लोग पारंपरिक तरीके से त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्रों में एसडीएम की ओर से पहले जारी अनुमति के मुताबिक ही धर्मस्थलों पर लाउड स्पीकर लगे रहेंगे। किसी भी धर्मस्थल पर नए लाउड स्पीकर नहीं लगाए जाएंगे। इसके अलावा धर्मस्थलों पर लाउड स्पीकर की चेकिंग के लिए तहसीलवार उड़नदस्ता का गठन किया गया है। लाउडस्पीकर की आवाज के लिए मानक शासन के दिशा-निर्देशों के मुताबिक तय किए गए हैं। वहीं माहौल खराब करने वालों से भी प्रशासन सख्ती से निपटेगा। त्योहारों को शांति पूर्ण बनाए रखने के लिए थानों में अमन कमेटी की बैठक बुलाई गई। इसके अलावा जिला स्तर पर भी धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर त्योहार पर शांति बनाए रखने की अपील की है।