संभल। संभल से चंदौसी की ओर जाने वाले सात किलोमीटर मार्ग पर डेढ़ माह पूर्व करीब पांच लाख की लागत से पैचवर्क किया गया था, लेकिन अब फिर इस मार्ग पर बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं। सात किलोमीटर के इस दायरे में बड़े और खतरनाक गड्ढे करीब 250 हैं। इन गड्ढों से बाइक सवारों के लिए हर समय हादसों का खतरा रहता है। गड्ढे भरने के लिए खर्च किए गए विभाग के पांच लाख रुपये भी गड्ढे में चले गए हैं।
संभल से गांव भवानीपुर तक मार्ग में हुए गड्ढे जानलेवा साबित हो सकते हैं। इन्हें डेढ़ महीने पहले ही लोकनिर्माण विभाग की ओर से भरवाया गया था, लेकिन ठेकेदार ने गुणवत्ता के साथ कार्य नहीं कराया। अब तो स्थिति पहले से ज्यादा खतरनाक हो गई है। गांव बिछौली, नूरियो सराय, सैफखां सराय में आठ इंच तक गहरे गड्ढे हैं। जो बेहद खतरनाक हैं। विभाग का कहना है कि दोबारा से काम कराया जाएगा। सवाल उठता है कि जो धन गड्ढा मुक्त कराने पर खर्च हुआ वह तो गड्ढे में ही चला गया।
ये बोले स्थानीय लोग और राहगीर
काफी समय से सड़क पर गहरे गड्ढे हैं। कुछ दिन पहले गड्ढे भरे गए थे लेकिन कुछ ही दिन में पहले से भी गहरे गड्ढे हो गए। पेचवर्क में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था।
शकील, गांव बिछौली
गड्ढे होने की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। ई-रिक्शा भी पलट जाती है। पहले इतने गड्ढे नहीं थे, लेकिन अब सड़क में ज्यादा गहरे गड्ढे हो गए हैं।
जय सिंह गांव बिछौली
चंदौसी से संभल बाइक से रोज का आना-जाना रहता है। रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे कई बार गिरकर घायल भी हो चुका हूं और भी कई लोग घायल हुए हैं।
कामिल, राहगीर
चंदौसी को काम के सिलसिले में आना-जाना रहता है। संभल से गांव भवानीपुर तक सड़क में बहुत गड्ढे हैं। पहले इन गड्ढों को भर दिया गया था, लेकिन फिर से सड़क उखड़ने लगी और गहरे गड्ढे बन गए। हादसे का डर लगा रहता है।
मोहम्मद हुसैन, राहगीर
गड्ढे भरवाने का काम किया गया था, लेकिन बारिश के अचानक होने पर वह गड्ढे फिर से हो गए। इन गड्ढों को भरवाया जाएगा। जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मोहम्मद इकबाल, अवर अभियंता, लोकनिर्माण विभाग, संभल