नखासा थाना पुलिस ने दीपासराय मोहल्ले में शनिवार की रात एक मकान में छापा मारकर पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक ये लोग आईपीएल मैच पर सट्टा लगा रहे थे और कुछ लोग सट्टा लगवा रहे थे। मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपियों के पास से पुलिस को 17 हजार रुपये की नकदी और 23 मोबाइल फोन मिले हैं।
नखासा थाने के इंस्पेक्टर ओमकार सिंह ने बताया कि पुलिस ने छापे की यह कार्रवाई मोहल्ला मियां सराय में शाहबेज के मकान पर की। पुलिस ने वहां आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाते और लगवाते शाहबेज सहित पांच युवकों को पकड़ा। गिरफ्त में आए लोगों में शाहबेज के अलावा जहांगीर निवासी मोहल्ला गैरतपुरा, हिलाल निवासी शहबाजपुरा, फरहाद निवासी गैरतपुरा, जफर निवासी शहबाजपुरा खुर्द शामिल हैं।
इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपी हर गेंद, विकेट और चौके, छक्के पर सट्टा लगवाते थे। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरोह का लीडर हफीज निवासी दीपा सराय फरार हो गया है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। वहीं, पुलिस ने पकड़े गए युवकों के पास से 23 मोबाइल व 17 हजार रुपये कैश सामान बरामद किया है।
00
रजिस्टर व मोबाइल में है सटोरियों का रिकॉर्ड
संभल। पुलिस को मौके से 17050 रुपये, 23 मोबाइल, एक कैलकुलेटर, तीन रजिस्टर मिले हैं। रजिस्टर में सट्टा लगाने वालों की रकम भी दर्ज है। मोबाइल पर व्हाट्सकॉल से सट्टे की बोली लगती थी, ताकि कॉल को रिकॉर्ड न किया जा सके। पुलिस जब्त किए मोबाइल की हिस्ट्री खंगाल रही है।
आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते हुए पुलिस ने मियां सराय से पांच आरोपी पकड़े हैं। आरोपी ऑनलाइन एप से ट्रांजेक्शन करते थे। 23 मोबाइल, रजिस्टर व कुछ नकदी बरामद हुई है। आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।
- चक्रेश मिश्र, एसपी संभल