कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा कालोनी निवासी लेखपाल के घर के चोरों ने ताले तोड़ लिए। उनके घर से सामान चोरी कर लिया। लेखपाल किसी काम से झांसी गए हैं। उनके लौटने के बाद ही जानकारी हो सकेगी कि कितना सामान चोरी हुआ है।सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और बदमाशों में फायरिंग भी हुई, लेकिन बदमाश पकड़े नहीं जा सके।
लेखपाल सतवीर सिंह बुधवार को अपनी पत्नी हेमलता के साथ पुत्री सुरभि का दाखिला कराने गए थे। गुरुवार को रात ढाई बजे के करीब चोरों ने उनके घर के ताले तोड़ दिए। सामान भी चोरी किया है। आहट की आवाज सुनकर पड़ोसी की आंख खुल गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी। इस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। खेतों की ओर आहट होने पर मोहल्ले के एक युवक ने उस ओर टार्च दिखा दी। इस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग करते हुए बदमाशों की घेराबंदी की भी कोशिश की, लेकिन बदमाश भाग गए।
विज्ञापन
लेखपाल के घर के बराबर में ही उनका लैपटॉप पड़ा मिला है। इसकी सूचना फोन पर लेखपाल को दी गई। लेखपाल के गांव से उनकी मां आनंदी दुर्गा कालोनी पहुंची। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह ने बताया कि लेखपाल के घर वापस लौटने पर ही चोर कितना सामान ले गए हैं, इसका अंजादा लगाया जाएगा। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है लेकिन उनका कहना है कि पुलिस बदमाशों के मौजूद होने की सूचना पर गई थी। कोई पकड़ा नहीं जा सका है।