सौंधन के गांव सारंगपुर में बुखार से आए दिन लोगों की मौत हो रही है। सोमवार को बुखार से पीड़ित गांव निवासी रामश्री (60) और जयवंती (56) ने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में शिविर लगाकर लोगों की जांच की। जिसमें तीन डेंगू आशंकित मरीज मिल हैं।
गांव सारंगपुर में पिछले 15 दिन से बुखार का प्रकोप है। सात लोगों की मौत हो चुकी है। 500 से ज्यादा लोग अभी भी बुखार की चपेट में हैं। 50 से ज्यादा लोग निजी अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। जांच में सभी मरीजों की प्लेटलेट्स कम मिल रही हैं। तेजी से गिरती प्लेटलेट्स ही ग्रामीणों की चिंता का कारण बन रही हैं।
इसके अलावा गांव में सफाई व्यवस्था दुरूस्त नहीं थी। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम की निगरानी में सफाई और फॉगिंग कराई गई। जिससे मच्छरों से राहत मिल सके और गांव में गंदगी से राहत मिले।
गांव सारंगपुर में वायरल बुखार के प्रकोप में सात लोगों की मौत का मामला सपा विधायक पिंकी यादव के संज्ञान में आया तो उन्होंने एक्स पर लिखकर बेहतर जांच और उपचार कराने की मांग उठाई है। विधायक ने कहा है कि गांव में लगातार मौतें हेा रही हैं। इससे अन्य बीमार लोगों में दहशत फैल रही है। स्वास्थ्य विभाग को गंभीरता से लेते हुए लोगों को राहत देनी चाहिए।
गांव सारंगपुर में लगातार टीम निगरानी रख रही है। जो गंभीर बीमार हैं उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराई गई है और फॉगिंग भी कराई है। -डॉ. तरुण पाठक, सीएमओ, संभल।