संभल। जिलेभर में बुखार के मरीज बढ़े हैं यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में भी दर्ज हैं। पहली अगस्त से लेकर छह सितंबर तक जो ओपीडी जिले के नौ सीएचसी में हुई है उससे यह बात साफ हो गई है। यह मरीज तो वह हैं जो सरकारी अस्पताल तक पहुंचे हैं जबकि निजी अस्पताल व क्लीनिक पर भी काफी संख्या में बुखार से पीड़ित लोग उपचार करा रहे हैं। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिलेभर में बुखार का प्रकोप है और लोग परेशान हैं। स्वास्थ्य विभाग इस बुखार के प्रकोप को वायरल मान रहा है।
सोमवार को जिला अस्पताल में 478 मरीजों की ओपीडी हुई। इस दौरान मरीजों की भीड़ से उमड़ पड़ी। एक चिकित्सक ही ओपीडी देख रहे थे। और हालात धक्का मुक्की जैसे बन गए। काफी मशक्कत के बाद लोग पर्चा बनवा सके और इसी परेशानी से दवाई मिल सकी। इस समय बुखार के मरीजों की संख्या काफी है।
स्वास्थ्य विभाग के पास जो आंकड़ा है उसमें भी पहली अगस्त से पांच सितंबर तक जिले में करीब 60 हजार मरीजों की ओपीडी जिले के नौ सीएचसी पर हुई है। इसमें 15 हजार मरीज बुखार के मिले हैं। इसमें 15 मरीज में मलेरिया पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अन्य सभी मरीज वायरल की चपेट में हैं।