ओबरी/संभल। असमोली क्षेत्र के गांव ओबरी में बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बुखार के मरीज सामने आ रहे हैं। हालत यह हो चली है कि दो दर्जन से अधिक बुखार पीड़ित मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुछ देर के लिए शिविर लगाया जिसमें ग्रामीणों को दवाई नहीं मिल सकी।
वहीं फॉगिंग भी पूरे गांव में नहीं कराई गई है। इससे ग्रामीणों में रोष है। शनिवार को गांव ओबरी में दो दर्जन से अधिक बुखार पीड़ित मरीजों को ओबरी और आसपास के निजी चिकित्सकों के पास भर्ती कराया गया है। इस गांव में करीब एक सप्ताह से बुखार का प्रकोप जारी है। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को है लेकिन इसके बाद भी लगातार शिविर नहीं लगाए जा रहे हैं। निजी चिकित्सकों से उपचार कराने पर ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार को मनोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आई टीम ने एक ग्रामीण के घर में शिविर लगाया।
जिसकी जानकारी ग्रामीणों को नहीं हुई। जो ग्रामीण दवाई लेने पहुंचे उन्हें दवाई नहीं मिल सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि मच्छर मारने के लिए फॉगिंग कराई है। लेकिन गांव के कुछ ही हिस्से में कर्मचारी फॉगिंग कर चले गए।
जबकि गांव में मच्छरों का प्रकोप काफी है। इससे ही बुखार की बीमारी गांव में पांव पसारे हुए है। बुखार पीड़ित मोहम्मद आकिल, मोहम्मद शादाब, मोहम्मद अयान, मुनाजिर हुसैन, शमीम अहमद, नजराना खातून, शाने आलम, सुब्हान अली, मेहराज जहां, शाहजहां, हनीफा खातून, मोहम्मद फुरकान, मोहम्मद इदरीस, हशरती खातून, राशिद हुसैन, मोहम्मद अय्यूब, शाने अली, मुजस्सिम अली आदि को उनके परिजनों ने निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है।