सरायतरीन। गांव पवांसा स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार कार्यालय पर शनिवार को गेहूं और पीली सरसों के बीज लेने पहुंचे किसानों को निराशा हाथ लगी। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक इंतजार के बाद भी कार्यालय में कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। किसान बिना बीज लिए ही निराश होकर लौट गए। समय पर बीज न मिलने से बोआई में देरी हो रही है।
भाकियू अराजनीतिक संगठन के जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव ने बताया कि किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी बीज नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर तक गेहूं की बुवाई जरूरी है, अन्यथा उत्पादन घट सकता है। शासन द्वारा पर्याप्त बीज उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। अधिकारियों ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया। यादव ने चेतावनी दी कि समाधान न होने पर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी सुबोध कुमार मिश्रा ने बताया कि पवांसा में स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार कार्यालय पर तैनात गोदाम इंचार्ज मशीन का सत्यापन करने के लिए गए हुए थे। गेहूं का बीज गोदाम पर नहीं है। किसान इस समय ऑनलाइन ही बुकिंग कर रहे हैं। जिन किसानों ने बुकिंग कर ली है, पहले उन किसानों को गेहूं का बीज दिया जाएगा। यदि किसानों के द्वारा गेहूं के बीज की बुकिंग बढ़ेगी तो डिमांड भेजी जाएगी।