सौंधन (संभल)। तहसील क्षेत्र के सिहावली स्थित बावरे बाबा के थान, नंद गोपाल धाम आश्रम पर प्रति वर्ष लगने वाले बड़े ध्वजा मेले में अबकी बार रौनक नहीं रही। दुकानदार तथा श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी कम दिखाई दी क्योंकि मेले के आयोजन को लेकर असमंजस था। कोरोना के खतरे को देखते हुए मेला लगेगा या नहीं, यह सवाल कई दिन से उठ रहा था। प्रशासन की ओर से कोई लिखित अनुमति जारी नहीं की गई थी। इसलिए तमाम दुकानदार नहीं पहुंचे। असमंजस मंगलवार को दोपहर तक रहा। इसके चलते लोग भी कम पहुंचे।
सिहावली के प्रसिद्ध ध्वजा मेले में बहुत दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं लेकिन कोरोना का खतरा बताकर तमाम दुकानदारों को पुलिस ने मंगलवार सुबह से ही वापस लौटाना शुरू कर दिया था। पुलिस सिर्फ उन्हीं दुकानों को लगने दे रही थी जिनमें प्रसाद की बिक्री होनी थी।
इस स्थिति को लेकर भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल ने हस्तक्षेप किया और पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। इसके बाद 11 बजे से सभी दुकानदारों को दुकान लगाने की अनुमति मिल सकी। प्रति वर्ष जहां मेले में घुड़दौड़ होती थी पर इस बार नहीं हुई। इससे घुड़सवार भी मायूस दिखाई दिए। मेला भीड़ के लिहाज से फीका रहा।
नजर नहीं आए नेताओं के टेंट
संभल। मेले में नेताओं के टेंट लगा करते थे लेकिन अबकी बार कोरोना के चलते किसी पार्टी के नेता ने टेंट नहीं लगाया। अबकी बार मेला सूना नजर आया। पुलिस ने चौकसी फिर भी बनाए रखी। आश्रम में लोग प्रसाद चढ़ाकर वापस होते रहे।