चंदौसी के एक शोरूम में सजे इलेक्ट्रानिक आइटम। संवाद
चंदौसी। सरकार की ओर से रोजमर्रा की चीजों समेत इलेक्ट्रानिक आइटम पर भी छूटी मिली है। एसी व एलईडी समेत अन्य इलेक्ट्रानिक आइटम पर टैक्स की दरें 10 फीसदी तक कम हुई है। इससे त्योहारी सीजन में इन आइटमों की खपत बढ़ने की उम्मीद है।
दिवाली से पहले ही लोग इलेक्ट्रानिक आइटम की खरीदारी के लिए समीकरण बनाने में लग गए हैं। इस छूट का व्यापारी भी स्वागत कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि कई साल से दिवाली पर जिस प्रकार रौनक नजर आनी चाहिए थी, वह पिछले सालों में नहीं मिली। इस बार टैक्स दरें कम होने से व्यापार बढ़ने की पूरी उम्मीद है। दिवाली के त्योहार पर इसका असर नजर आएगा।
सरकार ने एयर कंडीशनर पर जीएसटी दरें 28% से घटा कर 18% कर दी है। इससे 32 हजार रुपये वाला एसी अब 26 हजार रुपये में मिलेगा। इसी प्रकार 32 इंच व 43 इंच से बड़ी एलईडी टीवी के दाम भी 4 से 5 हजार तक कम हो गए हैं। वहीं वॉशिंग मशीन आदि इलेक्ट्रानिक आइटम भी सस्ते हुए हैं।