चंदौसी/बनियाठेर (संभल)। थाना बनियाठेर क्षेत्र के संभल मार्ग स्थित गांव जनेटा के चौराहे पर परिवार के साथ खड़े बालक के ऊपर कबाड़े से भरा ई-रिक्शा पलट गया। आननफानन परिजनों ने बालक को बाहर निकाला। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन बालक को निजी वाहन से उपचार के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे। मगर रास्ते में बालक ने दम तोड़ दिया। उधर ई-रिक्शा चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मई निवासी अली शेर अपनी पत्नी अफसाना, पुत्र अदनान, हसन (7) व पुत्री को लेकर मजार जनेटा शरीफ चादरपोशी करने गए थे। सोमवार की दोपहर करीब दो बजे लौटते समय अली शेर परिवार के साथ संभल मार्ग स्थित गांव जनेटा चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी चंदौसी से संभल जा रहा कबाड़ से भरा ई-रिक्शा बालक हसन के ऊपर पलट गया, जिसमें हसन दब गया और चीखने लगा। हादसे के बाद परिजनों व आसपास के लोगों ने कबाड़ में दबे बालक को आननफानन बाहर निकाला।
बालक की हालत गंभीर होने पर परिजन निजी वाहन से बालक को उपचार के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे। मगर कुंदरकी के आगे घायल बालक ने दम तोड़ दिया। बालक की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
पिता अली शेर बालक के शव को गांव मई ले गए। वहीं, हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक ने भागने का प्रयास किया। मगर बालक के मामा निसार अली निवासी मोहम्मद गंज थाना बनियाठेर ने दौड़कर पकड़ लिया और नरौली पुलिस चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया।