संभल/बहजोई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी संजीव रंजन ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया। साथ ही लक्षित लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को बहजोई के गांव पाठकपुर में टीकाकरण सत्र पर जिलाधिकारी ने मिशन इंद्रधनुष अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने मौजूद बच्चों को पोलियो और रोटा वायरस वैक्सीन की खुराक पिलाई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से पात्र लाभार्थियों में बच्चों व गर्भवती महिलाओं की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र लाभार्थी टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।
सीएमओ डा. पंकज विश्नोई ने कहा कि सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान का यह पहला चरण है। इसमें ऐसे बच्चों और महिलाओं को शामिल किया गया है, जिनका किसी कारण टीकाकरण छूट गया था। जिले भर में 1,292 सत्र प्लान किए गए हैं। इन सत्रों पर 19,894 बच्चों व 6,669 गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए जाएंगे। इस दौरान डा. सचिन, डीपीएम संजीव राठौर, एआरओ महेश गौतम, वीसीसीएम अरशद रसूल, डा. दानिश सुहेल, लवली सक्सेना, प्रवीन कुमार, निहारिका, अंजू, सतीश तिवारी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।