बहजोई। गांव फत्तेहपुर शरीफनगर में दो माह से विद्युत ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। इसके चलते 25 से अधिक उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा है। बावजूद इसके विद्युत अधिकारी काफी दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने को लेकर अनभिज्ञता जता रहे हैं।
विकासखंड के गांव फत्तेहपुर शरीफनगर में बीते करीब दो माह से 63 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर खराब है। इसके चलते करीब 25 से अधिक उपभोक्ताओं को रात अंधेरे में ही बितानी पड़ रही है। वहीं सर्दी की रात में चोरी आदि का खतरा भी बना हुआ है। यह हाल तब है जबकि ग्रामीणों की ओर से खराब विद्युत ट्रांसफार्मर को ठीक कराने को लेकर कई बार विभाग के हेल्प लाइन फोन नंबर पर भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं। साथ ही तहसील दिवस समेत दूसरे माध्यमों से भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक खराब विद्युत ट्रांसफार्मर ठीक नहीं हो सका है।
पूरे मामले में जब उपखंड अधिकारी विद्युत ग्रामीण बहजोई सचिन रस्तोगी से बातचीत की गई तो उनका कहना था कि ट्रांसफार्मर खराब होने को लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। ग्रामीणों को चाहिए कि विभाग की हेल्प लाइन नंबर पर फोन करें, इसके बाद ट्रांसफार्मर ठीक हो जाएगा। दूसरी ओर अवर अभियंता विद्युत गुड्डू कुमार का कहना था कि ट्रांसफार्मर खराब होने को लेकर कोई सूचना नहीं मिली है। लाइनमैन से जानकारी कर ट्रांसफार्मर बदलवाने का प्रयास किया जाएगा।