चंदौसी के मुरादाबाद मार्ग पर गिरा विद्युत पोल।
- फोटो : CHANDAUSI
चंदौसी। शहर में जर्जर और तिरछे खड़े हाईटेंशन और 440 वोल्ट विद्युत लाइन के दस खंभे हादसों को दावत दे रहे हैं। आबादी के बीच स्थित पोल गिरे तो बड़ा हादसा हो सकता है। खास बात यह है कि बिजली अधिकारी जानकर भी अनजान बने हुए हैं। शायद किसी हादसे का इंतजार कर रहे हैं। हादसों से बचाव के लिए जर्जर बिजली के खंभों को नहीं बदला जा रहा है।
चंदौसी शहर की आबादी करीब सवा लाख है। पुराने मोहल्लों में आबादी का घना घनत्व है। शहर में पुरानी बिजली के लाइन व खंभे हैं। मोहल्ला जोगियान में एनकेबीएमजी डिग्री कॉलेज के गेट के सामने, मोहल्ला हनुमानगढ़ी, पथरा रोड पर खंड़े बिजली के चार खंभे 60 डिग्री के कोण तक झुके हैं। मुरादाबाद-फर्रूखाबाद बाईपास रोड पर पेट्रोल पंप के पास 33 केवी विद्युत क्षमता लाइन का एक खंभा भी झुका है। इन्हीं खंभों पर तार बंधे हैं और आपूर्ति हो रही है।
तार बंधे होने के कारण ही यह खंभे अभी तक खड़े हैं। तेज हवा, फाल्ट में तार टूटने पर कभी भी ये खंभे गिर सकते हैं। कॉलेज के पास छात्राओं और बाईपास मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रहती है। सभी खंभे आबादी के बीच हैं और खंभा गिरने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है। ये खंभे पिछले कई माह से क्षतिग्रस्त हालत में हैं। इनमें सुधार के लिए बिजली विभाग की ओर से कोई कोशिश नहीं की गई।
इन स्थानों पर हैं तिरहे हैं बिजली के खंभे
33 केवी विद्युत लाइन का एक खंभा फर्रूखाबाद बाईपास पर पेट्रोप पंप के पास, 440 वोल्ट की विद्युत लाइन के जोगियान मोहल्ला एनकेबीएमजी के गेट के सामने, सीकरी गेट में सलीम की पुलिया के पास, घासमंडी में, हनुमान गढ़ी में दो स्थानों पर, शक्तिनगर कालोनी में, पंचशील कालोनी में, विकास नगर में, मोहल्ला हाता में एक बिजली का खंभा तिरछा खड़ा है।