पश्चिमी बंगाल और बिहार से बेचने के लिए लाईं गईं दो युवतियों के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। पुलिस ने छानबीन की तो पता लगा कि यह देह व्यापार में लिप्त थीं। अखबंदपुर उर्फ आखूनपुर में इन्हें गुरुवार को बरामद किया गया था। शुरूआत में तो पुलिस इन्हें पीड़ित मान रही थी, लेकिन जब छानबीन हुई तो इन्हें आरोपी माना गया और रिपोर्ट दर्ज की गई। इनके समेत कुल चार लोगों पर अनैतिक व्यापार करने का मामला असमोली थाने में गुरुवार को देर रात्रि दर्ज हुआ है। पुलिस ने गिरफ्तार की गईं दोनों युवतियों को अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी योगेंद्र कृष्ण यादव ने बताया कि पश्चिमी बंगाल के उलवेड़िया जनपद स्थित हरदीपा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती और बिहार प्रांत के सीवान जिले में विशंभरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को पुलिस ने अखबंदपुर उर्फ आखूनपुर से बरामद किया था। इन दोनों को देह व्यापार के आरोप में जेल भेजा गया है। मामले में पुलिस थाना असमोली के उप निरीक्षक अनिल कुमार राणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें इन पर देह व्यापार का आरोप है। इनके साथ अखबंदपुर उर्फ आखूनपुर गांव की निवासी महिला तथा एक अन्य व्यक्ति को नामजद किया गया है।