कोतवाली क्षेत्र में जारई रोड पर बदमाशों ने युवकों से बाइक और मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने लूट की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की है। थाना कुढ़ फतेहगढ़ के गांव नवादा निवासी मुहम्मद शहीद पुत्र अनीस अपनी डिस्कवर बाइक से फुफेरे भाई फिरासत पुत्र सकावत निवासी ग्राम भाडरी थाना पाकबाड़ा जनपद मुरादाबाद के साथ चंदौसी से गांव नवादा जा रहे थे। दोनों यहां मुरादाबाद रोड स्थित चंदौसी ग्रीन में काम करते हैं।
रात साढे़ नौ बजे करीब जब शहीद ग्राम जारई से आगे भट्ठे के पास पहुंचा तो उसे चार बदमाश खड़े मिले, जिनके हाथ में लाठी डंडे अाैर तमंचे थे।
बदमाशों ने बाइक रुकवा ली। इसके बाद उन्होंने तलाशी शुरू कर दी। तलाशी में बदमाशों ने शहीद की जेब से मोबाइल ले लिया। बदमाश और कुछ न मिलने पर शहीद की बाइक लूटकर कर ले गए। बाद में पीड़ित किसी तरह कोतवाली आए और आपबीती बताई। पुलिस ने मौके पर जाकर आसपास कांबिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने लूट की घटना चोरी में दर्ज की है।