मुद्दतों से इंतजार कर रहे संभल के वाशिंदों के लिए आखिरकार खुशी का मौका आ ही गया, जब सांसद सत्यपाल सिंह सैनी के प्रयासों पर केंद्र सरकार ने डीएमयू का तोहफा दिया। सांसद ने ही बुधवार को संभल के हातिमसाय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पायलट केबिन में पूजन किया और इसके बाद हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को मुरादाबाद के लिए रवाना किया।
इस यादगार मौके पर हर वर्ग के लोगों ने उत्साह दिखाया। स्टेशन पर भारी भीड़ थी। डीएमयू को फूलों से सजाया गया, पटरी पर तिरंगा लहराया। आतिशबाजी छोड़ी गई। हजारों लोगों के बीच सांसद ने कहा कि जो काम आजादी के 68 वर्ष में नहीं हुआ। वह नरेंद्र मोदी की सरकार ने डेढ़ वर्ष में कर दिया।
संभल के विकास को अब और रफ्तार मिलेगी। इस मौके पर सांसद को फूलमालाओं को लाद दिया गया। उनका भव्य स्वागत किया गया। मंडल रेल प्रबंधक प्रमोद कुमार कई अधिकारी मौजूद रहे। अध्यक्षता मास्टर हरपाल सिंह ने की। समारोह में आए लोगों का भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल ने आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन भीष्म शर्मा, भुवनेश राघव ने किया।