मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थानाक्षेत्र में हुई कानूनगो प्रमोद शर्मा की हत्या पर परिजनों और ग्रामीणों का बुधवार दोपहर आक्रोश फूट पड़ा। जिला अस्पताल की मोर्चरी से पुलिस को पोस्टमार्टम हाउस पर शव ले जाने से रोक दिया। अस्पताल के बाहर शव रखकर जाम लगा दिया गया। इस दौरान लोगों की पुलिस से तीखी झड़प हुई। लोग हत्या के शीघ्र खुलासे की मांग पर अड़ गए। मौके पर पहुंचे डीएम और एसएसपी का भी घेराव किया गया। दोनों अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सिखेड़ा थानाक्षेत्र के भटौड़ा गांव से पैमाइश कर लौट रहे मीरापुर निवासी खतौली के कानूनगो प्रमोद कुमार शर्मा की मंसूरपुर-सिखेड़ा मार्ग पर मंगलवार को कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी पर लाकर रखा था। बुधवार दोपहर को प्रमोद के परिजनों के अलावा काफी लोग जिला अस्पताल जुट गए। इनमें लेखपाल संगठन के पदाधिकारी भी शामिल थे। लोगों ने अस्पताल की मोर्चरी पर रखे शव को पुलिस के कब्जे से छीन लिया। छीनाझपटी के दौरान पुलिस से खूब नोकझोंक हुई। हंगामे की सूचना पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। लोगों ने शव को अस्पताल के बाहर सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। हत्या के जल्द खुलासे और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग उठाई।
शहर कोतवाल चमन सिंह चावड़ा के समझाने पर लोग डीएम निखिल चंद शुक्ला और एसएसपी केबी सिंह के मौके पर आकर कार्रवाई करने के बाद ही सड़क से उठने की मांग पर अड़ गए। तब डीएम निखिल चंद्र शुक्ला और एसएसपी केबी सिंह मौके पर आए तो लोगों ने उनका भी घेराव किया। दोनों अधिकारियों ने केस की छानबीन कर ठोस कार्रवाई का भरोसा दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
संबंधित खबर पेज छह पर