संभल। दुर्गा कालोनी के लेखाकार समेत चार लोगों के घरों से सोमवार की रात चोर चार लाख का माल समेट ले गए। घर के लोग अंदर सोते ही रह गए। सुबह उठने पर बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई ।
पहली घटना में मजदूरपेशा नन्हें के घर पर हुई। चोर दीवार फांद कर घुसे। सभी लोग सो रहे थे। नन्हें ने बताया कि दीवार ठीक कराने के लिए 20,000 रुपये उधार लेकर आया था। चोर 20,000 रुपये और पत्नी का जेवर ले गए। इसमें एक जोड़ी पायल और सोने की दो चेन व सोने की अंगूठी हैं।
दूसरी घटना नन्हे के पड़ोसी पवन के घर में हुई। छत के रास्ते से नीचे आए चोरों ने पवन के घर से दो मोबाइल चुराए। पवन की पत्नी की गले की कंठी को चोर ले गए। यह कंठी सोने की थी। पवन की पत्नी ने सोने से पहले कंठी को उतार कर अलमारी में रख दिया था। चोर बचत के 1500-2000 रुपये ले गए। पवन के घर में किरायेदार के तौर पर रह रहे पंकज शर्मा के कमरे से हुई। चोर पंकज शर्मा के दो मोबाइल ले गए हैं। तीसरी घटना हीरालाल के घर हुई। हीरालाल के बेटे ने बताया कि दो मोबाइल और गुल्लक चोर ले गए हैं। चौथी घटना अरुण के यहां हुई। अरुण, पंचायत राज विभाग में लेखाकार हैं। दुर्गा कालोनी में बृजेश कुमार के यहां पहली मंजिल पर रहते है। छत से इनके कमरे तक चोर पहुंच गए। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अरुण ने बताया कि अलमारी में रखे 93,000 रुपये, सोने की दो अंगूठी, सोने की चेन, सोने का टीका, मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब, दो मोबाइल समेत दो लाख से अधिक का माल चोर ले गए। चारों घटनाओं में करीब चार लाख का माल ले गए। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पुलिस की गश्त आना बंद हो गई है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि घटनाओं की जानकारी मिल गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।