नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर विभिन्न संगठनों ने आयोजन किए। नगर पालिका मैदान में एक बड़ा आयोजन हुआ। इसके साथ ही स्कूली बच्चों का पथ संचलन आकर्षण का केंद्र बना। इसमें भव्य झांकियां शामिल थीं।
सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल के बच्चों ने देश प्रेम का जज्बा दिखाया। पंथ संचलन में कोई नेता जी बना तो कोई स्वामी विवेकानंद के वेश में आया। सभी ने महापुरुषों के जीवन चरित्र की झांकी प्रस्तुत की। बैंड बाजे आकर्षण का केंद्र बने। शुभारंभ डाक्टर अरविंद गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया।
घोड़ों और रथों पर सवार बच्चे देश प्रेम का संदेश दे रहे थे। पथ संचलन दुर्गा कालोनी पार्क से शुरू हुआ और रोडवेज, कोतवाली, शंकर कालेज, सरथल चौकी होते हुए वापस दुर्गा कालोनी पहुंची। इस मौके पर एक सभा हुई जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल, विद्यालय के कोषाध्यक्ष सुधीर गर्ग, गोपाल जी समेत कई लोगों ने विचार व्यक्त किए।
प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र वर्मा ने तुम मुझे खून दो-मैं तुम्हें आजादी दूंगा, का उल्लेख करते हुए नेता जी के विषय में जानकारी दी। विजय गोयल, शोभित गुप्ता, अभिषेक शर्मा आदि रहे। संचालन कैलाश चंद्र कर रहे थे।