पति की हत्या पर गोद में बच्चा लेकर गुमसुम बैठी पत्नी।
- फोटो : amar ujala
धनारी/ चंदौसी। धनारी थाना क्षेत्र के मढावली गांव में सोमवार की सुबह दोस्त ने ही शादी में खर्च किए रुपये नहीं देने पर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हत्यारोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
धनारी थाना क्षेत्र केे मढावली निवासी राम निवास यादव (24) पुत्र झम्मन सिंह व गांव के होती राम में काफी गहरी दोस्ती थी। बताते हैं कि डेढ़ साल पहले ही होती राम ने ही दिल्ली की महिला से राम निवास की शादी कराई थी, जिसमें 22 हजार रुपये खर्च हुए। इसके बाद आठ हजार रुपये गांव में दावत करने पर खर्च हुए थे। तीस हजार रुपये राम निवास पर बकाया बताए जा रहे थे जिसका होती राम तगादा करने लगा था। इसके बाद दोनों की दोस्ती में दरार आ गई थी।
सोमवार की सुबह सात बजे राम निवास अपने खेत में जा रहा था। इसी बीच होती राम से उसका आमना - सामना हो गया तो उसने तीस हजार रुपये का तगादा कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। नौबत हाथापाई हो गई। इसी बीच होती राम का भाई श्योराज सिंह भी पहुंच गया। होती राम को अधिक गुस्सा आ गया, वह भागकर अपने घर गया और तमंचा लेकर छत चढ़ कर फायरिंग करने लगा।
पहली गोली जमीन में लगी लेकिन दूसरी गोली राम निवास के सिर में लगी जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई है। गांव में अफरातफरी मच गई। आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी गमलेश्र विल्टोरिया भी फोर्स के साथ पहुंच गए। राम निवास को उठाकर बहजोई अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां डाक्टर ने उसे मृत घोेषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई बिजेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने होती लाल, श्योराज सिंह उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। नामजद आरोपियों के घरों पर दबिश दी लेकिन सभी आरोपी गांव के फरार हो गए। हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सीओ के आदेश पर पुलिस लाइन से क्यूआरटी व रजपुुरा थाना पुलिस के कर्मचारियों को तैनात किया गया है।