हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव रुदायन में शनिवार की देर रात ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मिलाद शरीफ में माइक की आवाज को लेकर दो समुदाय के लोगों के बीच विवाद के बाद टकराव हो गया। पथराव हो गया। जिसमें एक वर्ग की महिलाओं व बच्चों समेत आधा दर्जन लोग मामूली रूप से चोटिल हो गए। अफरातफरी के माहौल के बीच पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग गए। एक वर्ग के लोगों ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दूसरे वर्ग सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव में तनाव बरकरार है। शनिवार की रात गांव रुदायन में रियाजुद्दीन के घर पर मिलाद शरीफ का कार्यक्रम चल रहा था। माइक की ज्यादा आवाज होने का आरोप लगाकर दूसरे वर्ग के लोगों ने एतराज जताया तो तनाव फैलने लगा। डायल 100 पुलिस को सूचना दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस के कहने पर माइक की आवाज कुछ कम कर दी गई। पुलिस लौट आई तो फिर से दोनों वर्ग के लोगों में तनातनी हो गई। विवाद होने पर टकराव हो गया। पत्थर फेंकें जाने लगे। जिससे अफरातफरी मच गई। पथराव होने की सूचना थाना पुलिस को दी तो कुछ ही देर में पुलिस मौके पहुंच गई। पुलिस को देखकर पथराव करने के आरोपी भाग गए। पुलिस ने जानकारी लेने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कहकर हालात संभाले। एक वर्ग के लोगों ने पथराव में महिलाओं व बच्चों सहित आधा दर्जन लोगों के चोटिल होने की बात कही।
रविवार को एक वर्ग के लोग थाने पहुंचे। दूसरे वर्ग के लोगों पर पथराव करने का आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया।
रुदायन में पहले भी हो चुका है विवाद
संभल। गांव रुदायन संवेदनशील है। गांव में लगभग एक साल पहले भी दो वर्गों के बीच विवाद हो चुका है। तब एक घर को धर्मस्थल का रूप देने की कोशिश करने का आरोप लगा था। पुलिस ने गांव पहुंचकर निर्माण रुकवा दिया था। अब फिर से गांव में दो वर्गों के बीच टकराव हो गया। ऐसे में पुलिस को बेहद सतर्कता बरतने की जरूरत है।
पुलिस गांव गई थी तो माइक की आवाज कम करा दी गई थी। पथराव की सूचना पर फिर से पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग गए। एक वर्ग की ओर से तहरीर मिली है। जिसके आधार पर दूसरे वर्ग के सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।
नाथीराम पवार, थानाध्यक्ष हयातनगर