रोटरी अंतर्राष्ट्रीय मंडल-3100 के चंदौसी जोन की वर्ष-2016-17 के लिए चयनित अध्यक्ष व सचिवों की प्रशिक्षण कार्यशाला में मंडलाध्यक्ष दीपक बाबू ने कहाकि इसमें कोई दो राय नहीं है कि क्लब अमीरों का है लेकिन गरीबों के लिए है। क्लब इंटरनेटमेंट या डिनर पार्टियों के लिए नहीं बल्कि मुख्य उद्देश्य समाज सेवा है। गरीबों के अधरों पर खुशियां लाना है।
चंदौसी के हिंदुस्तान मिंट प्रतिष्ठान पर असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन भुवनेश वार्ष्णेय की अध्यक्षता में आयोजित सेमिनार में 2016-17 के मंडलाध्यक्ष रो. दीपक बाबू ने कहाकि अक्सर देखा जाता है कि क्लब सिर्फ खानपान, मनोरंजन आदि के लिए पार्टियां करने तक सीमित हो जाते हैं लेकिन रोटरी क्लब में ऐसा नहीं होगा। वर्ष-2016-17 यादगार वर्ष रहेगा।
हम सब मिलकर ग्रामीण अंचलों के दूरस्थ विद्यालयों को गोद लेकर वहां आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को पहुंचाने का प्रयास करेंगे। ताकि ग्रामीण बच्चों को कंप्यूटर, प्रोजेक्टर आदि से आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से शिक्षार्जन कराया जा सके। हास्पिटलों में बेहतर मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराएंगे, ताकि गरीबों को बेहतर इलाज मिल सके।
गरीब बच्चों को ड्रेस, कपड़े, स्वेटर, किताबें आदि भी मुहैया कराई जाएंगी। कोई बच्चा यदि फीस नहीं भर सकता तो ऐसे बच्चों की फीस की व्यवस्था भी रोटरी करेगा। पूर्व मंडलाध्यक्ष डा. एससी वार्ष्णेय ने वर्षभर की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। संगीता भार्गव ने भी यातायात व्यवस्था में सुधार का प्रस्ताव रखा। जिसे सराहा गया।
इसमें रोटेरियन डा. राकेश चौधरी, अनुराग मित्तल, नीरज चौधरी, विश्वनाथ वार्ष्णेय, राहुल अग्रवाल, प्रदीप वार्ष्णेय, लोकेश वार्ष्णेय, हरिशंकर, डा. शिवशंकर लाल, नितिन अग्रवाल, अवनीश सक्सेना, शांतनु सक्सेना, अवनीश, अनुज गुप्ता, राजीव गुप्ता, सुबोध गुप्ता आदि रहे।