पठानकोट एयर बेस पर आतंकी हमला हुआ है। इसमें एयरफोर्स के दो कर्मी मारे गए हैं। चार आतंकी भी मारे गए हैं। हाल में मुरादाबाद मंडल से कुख्यात आतंकी संगठन अलकालदा के तार जुड़े होने की बात कही गई है। संभल के मोहम्मद आसिफ और जफर मसूद को हाल में ही गिरफ्तार किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों के दावे पर यकीन करें तो मोहम्मद आसिफ अलकायदा का इंडिया चीफ था और जफर मसूद उनका मददगार था। इनकी गिरफ्तारी के बाद से संभल सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर आ गया है। इसी बीच पठानकोट एयर बेस पर आतंकी हमला होने के बाद लोग सकते में हैं। एहतियाती सतर्कता बढ़ा दी गई है। गहुआ है।
गृह मंत्रालय ने पूरे देश के लिए अलर्ट जारी किया। उत्तर प्रदेश के साथ संभल जिले में भी एहतियाती सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने संभल नगर में शनिवार को दोपहर सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग की है। बस स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की चौकसी बनी रही। अधिकारियों ने चेकिंग के बारे में पल-पल खबर ली।
उत्तर प्रदेश और केंद्र की खुफिया एजेंसियां भी अपने-अपने तरीके से सक्रिय हैं। संभल जिले में स्पेशल सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शनिवार को निगरानी बनाए रखी। एसडीएम जेबी सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी अफसर अब्बास जैदी खुद चेकिंग पर निकले। थाना नखासा, कोतवाली और हयातनगर की पुलिस टीमों ने वाहनों की चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध लोगों को पकड़ने का प्रयास किया गया लेकिन कोई हाथ नहीं आया। देर शाम पुलिस क्षेत्राधिकारी अफसर अब्बास जैदी ने बताया कि पठानकोट की घटना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया था। दोपहर से ही चेकिंग का विशेष अभियान शुरू किया गया है जिसके तहत अधिकतर पुलिस उप निरीक्षक और सिपाही चेकिंग में लगाए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग के साथ सतर्कता बढ़ाई गई है।