फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा, सीमा सील

विज्ञापन
विज्ञापन
पठानकोट वायुसेना केंद्र पर शनिवार तड़के हुए आतंकी हमले के बाद पंजाब से सटे हरियाणा के जिलों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
विज्ञापन


सुबह चार बजे अलर्ट जारी होने बाद सिरसा पुलिस के कमांडो दस्ते ने डबवाली रोड स्थित एयरफोर्स स्टेशन के बाहर मोर्चा संभाला। पंजाब व राजस्थान से लगती सीमाएं पूरी तरह से सील कर दी गईं।

सिरसा एयरबेस के सामने नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई और सभी महत्वपूर्ण नाकों पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।

पुलिस के जवान आधुनिक हथियारों से लैस होकर वाहनों की तलाशी लेने में जुट गए। सुबह शहरवासी सैर के लिए निकले तो हर चौक-चौराहे पर हथियारों से लैस मुस्तैद पुलिस वाले दिखाई दिए।
विज्ञापन


सुरक्षा का ऐसा नजारा देख सैर पर निकले शहरवासी सहम गए क्योंकि सालों बाद उन्होंने सुबह-सुबह हथियारों से लैस इतनी पुलिस फोर्स सड़कों पर देखी।

कीर्ति नगर चौकी पुलिस बेगू रोड पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी प्रकार शहर की प्रत्येक चौकी व जिले के सभी थानों की पुलिस अपने इंचार्ज के साथ नाकों पर सुबह से लेकर रात तक अलर्ट रही।

हरकत में आए अधिकारी
तड़के करीब तीन बजे पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमला हुआ था। हमले के तुरंत बाद पंजाब सरकार के गृह विभाग ने प्रदेश में रेड अलर्ट जारी कर दिया।

रेड अलर्ट जारी होने के बाद हरियाणा गृह सचिव ने डीजीपी के साथ बातचीत करके चार बजे राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया।

अलर्ट का संदेश मिलते ही पुलिस कंट्रोल से वीटी कर दी गई। इसके बाद एकदम से पुलिस अधिकारी हरकत में आए। पुलिस लाइन से कमांडो दस्ता वायुसेना केंद्र रवाना किया गया।

शहर थाना प्रभारी सुभाष बिश्नोई पुलिस फोर्स के साथ वायुसेना केंद्र के बाहर पहुंचे और मुस्तैद हो गए। इस दौरान पंजाब व राजस्थान सीमा सील कर दी गई।

सीमा पर शहर थाना डबवाली, सदर थाना डबवाली, कालांवाली, रोड़ी, ऐलनाबाद व चौपटा पुलिस नाके लगाकर आने जाने वालों पर कड़ी निगाह रखकर वाहनों की चेकिंग करने लगी।

स्टेशनों पर जीआरपी हुई मुस्तैद
अलर्ट मिलते ही जीआरपी ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ाते हुए रेलगाड़ियों में यात्रियों व उनके सामान की तलाशी के लिए अभियान छेड़ दिया।

सिरसा स्टेशन पर आने-जाने वाली रेलगाड़ी में रेलवे पुलिस के जवान आधुनिक हथियारों से लैस होकर सवार हुए और पंजाब सीमा तक गश्त करते रहे।

जीआरपी थाना इंचार्ज सकतर सिंह ने बताया कि आतंकी हमला होने के बाद अलर्ट का संदेश जारी हो गया। सुबह पंजाब से सिरसा होकर दिल्ली व रेवाड़ी जाने वाली रेलगाड़ियों की तलाशी ली गई।

सिरसा रेवले स्टेशन, डिंग, आदमपुर, बड़ागुढ़ा, कालांवाली व डबवाली स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा यात्रियों से भी अपील की जा रही है कि कोई संदिग्ध नजर आए इसकी सूचना जीआरपी को दें।

संवेदनशील स्थलों में शुमार है सिरसा
सिरसा एयरबेस वायुसेना का काफी अहम एयरबेस है। सन 1965 व 1971 में पाकिस्तान से लड़ाई के दौरान इस एयरबेस की काफी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इसलिए सिरसा हमेशा ही संवेदनशील रहा है। पठानकोट एयरबेस पर हमले के बाद इसकी बाहरी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वायुसेना केंद्र के सभी प्रवेश द्वार पर वायुसेना पुलिस व कमांडो तैनात हैं।

साल 2006 में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का एजेंट मक्खनू को एयरबेस की फोटो लेते हुए आईबी व स्थानीय पुलिस ने पकड़ा था।

उसके पास सेना की छावनियों के चित्र भी मिले। वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के जिले रहीम यार खां का रहने वाला था। पाकिस्तानी जासूस के पकड़े जाने के बाद सिरसा शहर संवेदनशील की सूची में शुमार हो गया।
विज्ञापन


सभी थाना व चौकी प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। निर्देशों में कहा गया है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व भीड़ भाड़ वाले स्थानों, बाजारों व होटलों, धर्मशालाओं, गुरुद्वारों व मंदिरों के आसपास आने जाने वालों पर पैनी निगाह रखें और संदिग्ध पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करें। जिला के सभी क्षेत्रों में तैनात पीसीआर व मोटरसाइकिल राइडर की गश्त को बढ़ाकर सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा है। जिला के साथ लगती पंजाब व राजस्थान सीमा विशेष चौकसी बरती जा रही है। कमांडो दस्ते की तैनाती भी की गई है। पुलिस लाइन में 24 घंटे एक कमांडो दस्ता रिजर्व में रहेगा।
-सतेंद्र कुमार गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सिरसा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें