ग्रामीण युवाओं से लेकर सीनियर सिटीजन तक सभी पर प्रधानी का जादू सिर चढ़ कर बोल रहा है। हर ग्राम पंचायत पर औसतन दस से अधिक प्रत्याशी हैं। इसके इतर पंचायत कैबिनेट के सदस्य पद का चुनाव ही कोई लड़ना नहीं चाहता है।
यही कारण है कि बनियाखेड़ा, बिलारी (आंशिक) व पंवासा विकास क्षेत्र की 154 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए तो 1563 प्रत्याशी हैं। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य के 1982 पदों में 683 पदों पर किसी ने नामांकन ही नहीं भरा है, जिससे यह पद रिक्त रह गए हैं। दूसरी ओर एक-एक नामांकन होने के कारण 801 प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।
ग्राम पंचायत सामान्य निर्वाचन-2015 के प्रथम चक्र में बनियाखेड़ा, बिलारी आंशिक व पंवासा विकास क्षेत्र की 154 ग्राम पंचायतों में नामांकन हुआ। इसमें बनियाखेड़ा विकास खंड की 44 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के प्रत्याशियों की संख्या तो 510 है। लेकिन पंचायत सदस्य के 584 में से 192 पर किसी ने नामांकन दाखिल ही नहीं किया।
यह पद रिक्त रह गए हैं। इसके अलावा 234 पदों पर सिर्फ एक एक नामांकन दाखिल किया गया, जिससे इन सभी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया। 158 ऐसे सदस्य पद हैं, जिन पर चुनाव होगा इन पर कुल 383 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।