पुलिस ने जब नई परंपरा डालने वालों को रोका तो वे दरोगा से नोंकझोंक करने लगे। तनाव के हालात बनने पर भारी पुलिस फोर्स के साथ पीएससी को मौके पर बुला लिया गया। पुलिस और प्रशासन सतर्क है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर टांडा में गांव के बीच एक घर में इबादत की जाती थी लेकिन कुछ दिनों पहले गांव किनारे ग्राम समाज की भूमि पर एक हॉल बना दिया गया। ऐसे में एक पक्ष के लोग इस हाल को धर्म स्थल का रूप देकर इबादत करने का प्रयास कर रहे थे। शुक्रवार को दोपहर एक बजे गांव के तमाम एकत्र हो गए और उसी हाल में इबादत करने के लिए चल दिए। इसकी जानकारी होने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने पुलिस को खबर दी। इससे गांव में तनातनी का माहौल बन गया।
मोहम्मदपुरटांडा पुलिस चौकी जानकारी होते ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इबादत कर नई परंपरा करने वाले लोगों को रोकने का प्रयास किया। इस पर दरोगा से उनकी नोकझोंक हो गई। मामला बढ़ता देख चौकी इंचार्ज रणवीर सिंह ने उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी। इस पर अधिकारियों ने भारी पुलिस फोर्स के साथ पीएसी मौके पर भेजी। पुलिस ने इबादत कर नई परंपरा डालने का प्रयास कर रहे लोगों को हटा दिया गया। इसके बाद एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
टांडा चौकी इचार्ज रणवीर सिंह ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो सौ से अधिक लोग थे। उन्हें समझा बुझाकर हटा दिया गया है। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। नई परंपरा डालने की कोशिश्ा करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एक महीने में दूसरी बार हुआ है विवाद
संभल। मोहम्मदपुर टांडा में इबादत करने को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। इसी महीने 16 सितंबर को इबादत करने को लेकर गांव में विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला शांत कर दिया था। इससे दो माह पहले विवाद हुआ था जिसमें दोनों पक्षों के 80 लोगों को एहतियाती कार्रवाई के तहत पाबंद किया गया था।
-------------------------------------------------------------
मोहम्मदपुरटांडा में विवाद की जानकारी मिलने पर मैंने कोतवाली पुलिस को भेजा था। अब सतर्कता रखी जा रही है। जो लोग नई परंपरा डालेंगे उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। -अखिलेश यादव, एसडीएम, संभल।