थाना बनियाठेर के नरौली निवासी पशु व्यापारी से बाइक सवार बदमाशों ने शस्त्रों के बल पर 37500 रुपये लूट लिए। पीड़ित ने नरौली पुलिस चौकी में तहरीर दी है। कस्बा नरौली के मुहल्ला काजी टोला निवासी इकबाल पुत्र बहादुर पशु व्यापारी है।
वह बुधवार की शाम चार बजे ग्राम मुहम्मद गंज में भैंस खरीदने गया। जिसकी भैंस खरीदने को तय की थी, उसने अपनी भैंस किसी अन्य को बेच दी थी, इसलिए इकबाल बिना भैंस खरीदे ही बाइक से वापस आ रहा था। नरौली पुलिस चौकी क्षेत्र में मुहम्मद गंज जनेटा मार्ग पर पहुंचा तो उसकी बाइक खराब हो गई।
जिससे वह बाइक को पैदल ही लेकर चल दिया। ग्राम जनेटा से एक किमी पहले पीछे से काले रंग की बिना नंबर की प्लेटिना बाइक पर दो बदमाश आ पहुंचे। बाइक चालक बदमाश नकाबपोश था। पीछे बैठे बदमाश ने बराबर से आकर कनपटी पर तमंचा लगा दिया। बदमाश ने नीचे उतर कर उसकी जेब में पड़े 37500 रुपये लूट लिए।
विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसकी बाइक सड़क किनारे गड्ढे में डाल दी। इकबाल ने बताया कि लूटी गई रकम वह भैंस खरीदने को ले गया था। वह जैसे तैसे घर पहुंचा और सारी जानकारी परिजनों को दी। इकबाल ने अज्ञात के खिलाफ नरौली पुलिस चौकी में तहरीर दी है।
इधर नरौली चौकी पुलिस वारदात से अनभिज्ञता जाहिर की है। क्षेत्राधिकारी अभिषेक यादव ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है, जानकारी की जाएगी। ज्ञात हो कि सप्ताहभर पहले ही नरौली चौकी क्षेत्र में बदायूं के एक सपा नेता की कार को रोककर कार सवार सभी सपाइयों से हजारों की लूटपाट की थी, जिसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है, इसी बीच दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया गया है।