भाभी की हत्या में करीब सात साल से जिला जेल में बंद संभल के एक उम्रकैदी जाकिर की रविवार को हार्टअटैक से मौत हो गई। सीने में दर्द की शिकायत के बाद शुक्रवार को जेल से अस्पताल भेजा गया था। नाजुक हालत में उसे दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन जीबी पंत अस्पताल में रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
करीब डेढ़ माह पहले जाकिर के भाई नासिर की भी जेल में हार्टअटैक से मौत हो गई थी। संभल के कोतवाली क्षेत्र में मंडी किशन दास सराय निवासी जाकिर (55) पुत्र मुजफ्फर हुसैन अपने तीन सगे भाइयों नासिर, मालिक और साजिद के साथ 28 जुलाई 2009 को जेल भेजे गए थे।
चारों भाइयों ने अपनी भाभी की हत्या कर दी थी। 26 सितंबर 2013 को अदालत ने चारों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। करीब डेढ़ माह पहले नासिर को जेल में हार्ट अटैक हुआ था और उसकी मौत हो गई थी। शुक्रवार को जाकिर ने भी सीने में दर्द की शिकायत की।
जिसके बाद उसे जेल से जिला अस्पताल भेज दिया गया। हालत नाजुक होने पर उसे पहले मेरठ मेडिकल कालेज और फिर जीबी पंत अस्पताल दिल्ली रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह इलाज के दौरान जाकिर की मौत हो गई। सूचना पर परिजन दिल्ली पहुंच गए। जाकिर के बाकी दो भाई मालिक और साजिद मुरादाबाद जेल में ही आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।