जिले के आठ मतगणना केंद्रों पर रविवार को सुबह आठ से बजे से जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों की मतगणना शुरू होगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सुरक्षा की कमान बीएसएफ को सौंपी गई है। सभी मतगणना केंद्रों पर भारी पुलिस व पीएसी तैनात की गई है।
विजय जुलूस निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डा. एसएन सिंह ने बताया कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों व जिला पंचायत सदस्यों का नामांकन न्याय पंचायत के आधार पर नहीं बल्कि वार्ड वार संपन्न हुआ है, इसलिए मतगणना भी वार्ड वार कराई जाएगी।
क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्यों की मतगणना एक साथ कराई जाएगी। जिसके लिए दो मतगणना टेबिल पर पांच-पांच मतगणना कर्मियों का दल तैनात किया गया है। जिसमें एक मतगणना पर्यवेक्षक, तीन मतगणना सहायक तथा एक अतिरिक्त मतगणना सहायक होगा।
एक टेबिल पर क्षेत्र पंचायत व दूसरे पर जिला पंचायत सदस्य के मतों की गणना कराई जाएगी। क्षेत्र पंचायत सदस्य मतगणना एजेंट कार्ड का रंग सफेद व जिला पंचायत सदस्य के मतगणना एजेंट कार्ड का रंग गुलाबी निर्धरित रखा गया है। 1980 मतगणना कार्मिक गणना कार्य में लगाए गए हैं।