चौथे और अंतिम चरण के मतदान के लिए बुधवार चुनाव सामग्री के पैकेटबंद किया गया। बाकी की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने वाला मतपत्र तैयार हो चुका है। मंगलवार को देर शाम तक बुधवार पैकेट तैयार करने के लिए अधिकारियों के निर्देशन में कर्मचारी जुटे रहे।
अंतिम और चौथे चरण में बनियाखेड़ा विकास क्षेत्र की 114 और बिलारी आंशिक के 33 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए मतपत्र, मतदाता सूची, मोहर, सील आदि सामग्री के पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। विकासखंड बनियाखेड़ा में 29 अक्तूबर को चौथे और अंतिम चरण का चुनाव प्रस्तावित है।
जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत के सदस्यों के चुनाव के मद्देनजर चुनाव सामग्री तैयार की जा रही है। पोलिंग पार्टियों को बुधवार पैकेट दिए जाएंगे। इसमें मतपत्र, मतदाता सूची, मोहर, सील समेत आवश्यक चुनाव सामग्री रखी गई है। चुनाव सामग्री वितरण के लिए पांच एआरओ, दो पर्यवेक्षक, सहायक के रूप में पांच ग्राम पंचायत अधिकारियों और 25 रोजगार सेवकों की ड्यूटी लगाई गई है।
मंगलवार को दिन भर विकासखंड बनियाखेड़ा के सभागार में पैकेटिंग का कार्य पूरा करने में अधिकारियों के निर्देशन में कर्मचारी जुटे रहे। पोलिंग पार्टी के लिए मतपत्र, मतदाता सूची समेत चुनावी सामग्री की पैकेटिंग एआरओ की देखरेख में वार्डवार तैयार की गई हैं। सहायक विकास अधिकारी पंचायत दिनेश कुमार ने बताया की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। देर रात तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा।