बहजोई (संभल)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई में लगे नसबंदी शिविर के दौरान महिला की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की पड़ताल की। एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर मामले को जाना। वहीं, पति की तहरीर पर सीएमओ समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शुक्रवार को शाम चार बजे करीब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई में नसबंदी शिविर लगा। इस दौरान थाना क्षेत्र के गांव श्यौराजपुर की मढ़ैय्यां निवासी महिला मुनीशा देवी पत्नी वीरपाल की हालत बिगड़ने लगी। चिकित्सकों ने महिला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस बीच महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद महिला के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर उप जिलाधिकारी चंदौसी महेश प्रसाद दीक्षित, सीएमओ डा. अमिता सिंह, डिप्टी सीएमओ व चिकित्साधीक्षक डा. बीएल विराटिया, क्षेत्राधिकारी डा. केके सरोज, कोतवाल अमित कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। चिकित्सा स्टाफ से बातचीत की। चिकित्साधीक्षक ने बताया कि नसबंदी शिविर में 39 पंजीकरण हुए थे। जांच के बाद में छह महिलाओं को नसबंदी से मना कर दिया गया। सात महिलाओं की नसबंदी की गई। आठवें मामले में महिला की हालत बिगड़ गई। काफी प्रयास किया गया। इसके बाद महिला को रेफर किया गया था। इस बीच महिला ने दम तोड़ दिया था। चिकित्साधीक्षक का कहना था कि पूरे मामले में मृतक महिला के परिजनों से बातचीत की जा रही है। यदि महिला के परिजन पोस्टमार्टम कराते हैं तो परिजनों को शासन की ओर से मिलने वाली दो लाख रुपये की धनराशि का मुआवजा दिया जाएगा।