चंदौसी। संभल-चंदौसी मार्ग स्थित ग्राम जनेटा के पास संभल की ओर से आ रही आल्टो कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। थाना बनियाठेर में आल्टो कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना बनियाठेर के कस्बा नरौली के मोहल्ला पीपलवाला निवासी राकेश चौहान (60) पुत्र विजय प्रताप सिंह रविवार की रात चंदौसी में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रात एक बजे वह बाइक से शादी समारोह से वापस घर जा रहे थे।
बाइक सवार राकेश जब संभल-चंदौसी मार्ग स्थित ग्राम जनेटा के पास पहुंचे तो संभल की ओर से आ रही आल्टो कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे किसी राहगीर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस राकेश को संयुक्त चिकित्सालय में लाई।
चिकित्सक ने राकेश को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। इस दौरान परिजन भी अस्पताल आ गए। राकेश की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी सुधा दो बेटे व एक बेटी समेत परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है जबकि चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक के रिश्तेदार अभय सिंह पुत्र उदयवीर सिंह निवासी छोटेलाल ने अज्ञात आल्टो कार चालक के खिलाफ थाना बनियाठेर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।