मंडलाई में जांच को पहुंचे पुलिस अफसर, हाथ नहीं आए दंबग
एक परिवार को जिंदा जलाने के प्रयास का मामला, चार लोगों के खिलाफ दर्ज है रिपोर्ट
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश, नखासा थाने की पुलिस को दिए गए निष्पक्ष जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
संभल। मंडलाई गांव में दबंगों ने एक परिवार को जिंदा जलाने का प्रयास किया। घटना की रिपोर्ट नखासा थाने में चार लोगों के दर्ज कराई गई है। प्राथमिक जांच में घटना को लेकर पुलिस को संदेह है लेकिन इस बारे में पुलिस अधिकारी खुल कर कुछ कहने को राजी नहीं है। उनका कहना है कि विवेचना में ही सच उजागर होगा।
घटना नखासा थाना क्षेत्र के मंडलाई में रविवार को रात्रि वाल्मीकि परिवार के साथ दबंगई की घटना हुई। अगर पीड़ित परिवार के बयान को आधार मानें तो पट्टे की जमीन को लेकर पैदा हुए विवाद में उनकी जान लेने की कोशिश की गई थी। सोते समय मिट्टी का तेल छिड़का गया। जागने पर धमकी दी गई और इसके बाद दबंगों ने छप्पर में आग लगाई। इस घटनाक्रम की पुष्टि अभी तक की जांच में नहीं हुई है। पुलिस अधिकारी अब इस संबंध में थाना पुलिस के विवेचक को मौके पर भेजकर साक्ष्य एकत्र कराने की तैयारी में है। वहीं नखासा थाने से इसकी विवेचना चल रही है। एएसपी ने घटना का संज्ञान लिया है। इस मामले में सीओ संभल बीपी सिंह बालियान ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। पीड़ित परिवार को निष्पक्ष विवेचना का भरोसा दिया। वहीं सीओ ने मौके पर मिली जानकारी के आधार पर अपनी एक गोपनीय आख्या एएसपी को सौंप दी है।
घटना के संबंध में जांच पड़ताल चल रही है। जांच में हकीकत खुलेगी। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी।
पंकज पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक।