धनारी/चंदौसी। आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर थाने के समीप कट मोड़ पर एक बाइक सवार को कार ने टक्कर मार दी। जिसमें ट्रिपल राइडिंग कर रहे तीन युवक सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए बहजोई भेज दिया।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के सैंजना अहरान निवासी मनोज कुमार पुत्र बृजपाल, शिवा पुत्र हीरालाल व देवेंद्र सिंह पुत्र इंद्रपाल शनिवार की देर शाम करीब आठ बजे धनारी बस स्टैंड की नई बस्ती में किसी काम से आए थे।
थाना गेट के पास डिवाइडर के कट से दूसरी ओर जा रहे थे। उसी समय बबराला की ओर से आ रही एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक केंद्र बहजोई भेज दिया। जहां शिवा की हालात नाजुक होने पर मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया।