संभल। बाराबंकी कांड के बाद संभल जिले में आबकारी महकमा सतर्क हुआ है। लेकिन अभी तक उन स्थानों पर दबिश नहीं दी है जहां पर अवैध तरीके से शराब बनाए जाने की शिकायतें आती रही हैं। ऐसा ही एक गांव असमोली थाना क्षेत्र का अखबंदपुर है।
गांव के कुछ घरों में चोरी छुपे शराब उतारी जाती है। यह शराब पड़ोसी गांव में भी बेची जाती है। थाना पुलिस के एक दो सिपाही ऐसे हैं जिन्हें इस बारे में पूरी जानकारी है कि कौन लोग शराब उतार रहे हैं और कौन लोग ऐसे हैं जो अवैध तरीके से शराब बेच रहे हैं। हैरत की बात यह है कि इतनी सब जानकारी होने के बाद भी कच्ची शराब पर अंकुश नहीं लग सका है।
जबकि इस पर रोक के लिए अखबंदपुर से ही आवाज उठी है। गांव के कुछ लोगों ने थाना पुलिस और जिला प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाई है। उन्हें उम्मीद है कि बाराबंकी घटना से सबक लेकर संभल जिले का प्रशासन उन लोगों पर कार्रवाई करेगा जो अवैध तरीके से शराब उतारकर बिक्री कर रहे हैं।
ऐसे लोगों को चिह्नित करने के बारे में आबकारी विभाग बाराबंकी कांड के बाद सतर्क है क्योंकि अगर कोई घटना होती है तो आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्रवाई के घेरे में आएंगे। इस बीच संभल के आबकारी निरीक्षक पवन शर्मा ने बताया कि आबकारी विभाग ने मंगलवार और बुधवार को शराब की दुकानों और कई सूचनाओं के आधार पर अन्य स्थानों पर भी चेकिंग की गई।
उन्होंने बताया कि अखबंदपुर की तरह सैंदरी में भी शराब उतारे जाने की शिकायत थी जिस पर बुधवार को आबकारी विभाग की टीम पहुंची लेकिन कोई पकड़ा नहीं गया। न ही शराब बरामद की जा सकी है। अब आबकारी विभाग गांव में ऐसे लोगों को चिह्नित कर रहा है जो शराब उतार कर उसकी अवैध बिक्री कर रहे हैं।