संभल। महिला पर हुए जानलेवा हमले में पुलिस की पड़ताल कई बिन्दुओं पर चल रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें दिन रात काम कर रही हैं। आला अधिकारी भी घटना को लेकर काफी गंभीर बने हुए हैं। यही कारण है वह पल-पल की अपडेट मांग रहे हैं। जिससेे घटना का पर्दाफाश जल्द हो सके। इसी क्रम में पुलिस रात को भी संदिग्धों की धरपकड़ कर पूछताछ कर रही है। तांत्रिकों और मानसिक तनाव से पीड़ित लोगों की गतिविधियों पर भी पुलिस की निगाह है। इस बीच कोतवाली पुलिस ने 15 लोगों का शांति भंग के अंदेशे में बुधवार को चालान किया है।
मंगलवार की रात को कोतवाली पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से 15 लोग हिरासत में लिया। इनसे थाने लाकर पूछताछ की गई। महिला पर हुए हमले की जानकारी तो पुलिस को नहीं मिली लेकिन संदिग्ध अवस्था में घूमने व शांतिभंग की आशंका में चालान किया है। क्योंकि महिला पर हुए हमले के बारे में पुलिस इनकी भूमिका को लेकर कोई साक्ष्य नहीं जुटा सकी है।
मालूम हो 4 मई की दोपहर को कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटपूर्वी निवासी अनिल टंडन की पत्नी वंदना टंडन के गले पर चाकू से अज्ञात शख्स ने हमला कर दिया था। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। महिला पर हमला होने से एक सप्ताह पूर्व 27 अप्रैल की दोपहर को इसी मोहल्ला निवासी रामबाबू के दस वर्षीय बेटे शिवम पर चाकू से कई वार किए गए थे। पुलिस ने किशोर और महिला पर हुए हमले का संज्ञान लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज तो कर ली लेकिन हमलावर गिरफ्त में नहीं आ सका। इसी क्रम में कई टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं।
पुलिस घटनास्थल से काफी दूरी पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हुलिए के आधार पर पुलिस को कामयाबी मिलने की उम्मीद है। पुलिस तंत्र विद्या और मानसिक तनाव से पीड़ित लोगों पर भी निगाहें लगाए हुए है। भले पुलिस के हाथ में कोई ठोस सबूत न आया हो लेकिन खुलासा जल्द करने का दावा किया जा रहा है। इस बीच कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शांति भंग के अंदेशे में मोहम्मद वकील, सिराज, तनवीर, शहजाद, फुुरकान, मुस्तफा, सहाबुद्दीन, अजमेरी, तालिब, नेमपाल, मुर्सलीम, पप्पू, आसिफ, बब्लू, करन सिंह का चालान किया गया है। महिला पर जानलेवा हमला करने वालों की छानबीन में संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।