संभल। हयातनगर थाने के सौंधन गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्धावस्था में फंदे पर लटका हुआ मिला। मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज को लेकर विवाहिता की हत्या करके शव को लटकाने का आरोप लगाते हुए पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लेकिन आरोपी अभी फरार हैं।
मालूम हो सोमवार की शाम करीब साढ़े छह बजे हयात नगर थाना क्षेत्र के गांव सौंधन निवासी अजय की पत्नी ज्योति (18) की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटक कर मौत हो गई थी। ससुराल वालों ने इसकी सूचना विवाहिता के मायके वालों को दी। मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा अंतर्गत गांव सरकड़ा करीम निवासी विवाहिता के परिजन देर रात गांव पहुंचे। दहेज की खातिर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा।
साथ ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता के पिता प्रेम सिंह ने बताया कि पति के साथ ससुराल वाले काफी समय से दहेज में रुपयों की मांग कर रहे थे। उनकी बेटी ने इसका विरोध किया तो कई बार मारपीट की गई।
सोमवार को हत्या कर दी। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पति अजय, ससुर विनोद, सास कमलेश व देवर विशाल के खिलाफ दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह का कहना है कि दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी भागे हुए हैं। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।