संभल/मढ़न। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में गैस कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली पर ग्रामीण भड़क गए और एजेंसी संचालक के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेेबाजी की। ग्रामीणों के साथ भाजपा के जिला महामंत्री ने अवैध वसूली की शिकायत उच्चाधिकारियों से की। वहीं गैस एजेंसी पर ग्रामीणों का हंगामा बढ़ता देख वसूली करने वाला युवक भाग गया। पूरे मामले में एसडीएम ने एआरओ को जांच के निर्देश दिए हैं।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव खासपुर स्थित एक गैस पर गांव के कुछ लोग प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन लेने पहुंचे थे। आरोप है कि कनेक्शन के नाम गैस एजेंसी के काउंटर पर बैठा एक युवक उनसे आठ सौ से लेकर एक हजार रुपये तक मांगने लगा।
जब लोगों ने गैस कनेक्शन मुफ्त में होने का हवाला दिया तो उन्हें टहलाकर भगा दिया। जिसके बाद लोग भड़क गए और संचालक के खिलाफ नारेेबाजी करने लगे। सूचना के बाद भाजपा के जिला महामंत्री हरिओम शर्मा भी मौके पर पहुंच गए।
जिन्हें लोगों ने बताया कि गैस कनेक्शन के नाम पर कई महीनों से अवैध वसूली हो रही है। भाजपा नेता ने इसकी शिकायत एसडीएम से की। इस दौरान लोगों के हंगामे को देखते हुए आरोपी युवक भाग गया। कनेक्शन लेने आईं नगमा, हाजरा, बातुलन, आसिफ ने आरोप लगाया कि कनेक्शन के नाम पर किसी से एक हजार तो किसी से साढ़े आठ सौ रुपये मांगे जा रहे है। जो लोग रुपये नहीं देते उन्हें कागजों की पूर्ति के नाम पर महीनों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर कटवाए जा रहे हैं।
-----------------------------------------
एक गैस एजेंसी पर कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत हमें मिली है। जिसकी जांच के लिए एआरओ को निर्देशित किया गया है। जांच के बाद आरोप सिद्ध होने पर गैस संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।- दीपेंद्र यादव, एसडीएम, संभल।
----------------
मैं अधिकतर समय बाहर रहता हूं। कार्यालय पर कर्मचारी काम करते हैं। अवैध वसूली की मुझे जानकारी नहीं है। अगर ऐसी शिकायत है तो गंभीर है। मैं इन कर्मचारियों को तत्काल हटाएंगे।- नरेंद्र चौधरी। संचालक