कुढ़ फतेहगढ़/चंदौसी। थाना क्षेत्र के गांव गुरगांव में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किसान का शव गुरुवार को सुबह खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर घर से ले जाकर गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी।
कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गुरगांव निवासी जानकी प्रसाद (58) पुत्र चंद्रसेन खेती किसानी कर परिवार का पालन पोषण करता था। परिजनों के अनुसार गांव के ही कुछ लोग कुछ दिनों से उसे खेती नहीं करने दे रहे थे।
आरोप है कि बुधवार की सुबह गांव के तीन लोग जानकी प्रसाद के घर पहुंचे और उसे साथ लेकर चले गए। जब शाम तक जानकी प्रसाद घर नहीं पहुंचे तो उनका बेटा राजेश पिता को तलाशते हुए तीनों लोगों के घर पहुंचा तो उन्होंने कह दिया कि वह तो यहां से चला गया था। हमें नहीं पता वह कहा गया है। परिजनों ने पूरी रात किसान की तलाश की। गुरुवार की सुबह गांव के ही नरेश के खेत में बने ट्यूबवेल पर चारपाई पर जानकी प्रसाद का शव पड़ा मिला।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर गला दबाकर किसान की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने तीन लोगों को नामजद करते हुए हत्या की तहरीर पुलिस को दी। बताते हैं कि बाद में पुलिस ने समझा बुझाकर तहरीर को दोबारा मृतक के बेटे के बजाय उसके भाई हंसराज से लिखाई।
थानाध्यक्ष सहदेव सिंह ने बताया कि जानकी प्रसाद का शव खेत पर चारपाई पर मिला है। शरीर में कहीं चोट के निशान नहीं हैं। इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही उसकी मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।