संभल। सैदनगली-चौधरपुर मार्ग पर भटपुरा गांव में शनिवार दोपहर डेढ़ बजे डीसीएम से कुचलकर मासूम की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने चालक समेत वाहन को पकड़ लिया। चालक के साथ हाथापाई की और इसके बाद जाम लगा दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को किसी तरह समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान आधे घंटे तक जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे।
भटपुरा गांव निवासी ट्रक ड्राइवर के बेटे आदेश का पुत्र सूरज (04) और पुत्री अंजलि (10) अपने दादा राम सिंह के साथ घर से जूस पीने के लिए निकले थे। जूस पीने के बाद दादा जूस की दुकान पर रुपये देने लगे। इसी बीच बच्चे सड़क पार करने लगे। अंजलि तो सड़क पार कर गई पर सूरज मनोटा की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आ गया। मौके पर उसकी मौत हो गई। हादसे से गुस्साए परिजनों के साथ लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर असमोली और संभल कोतवाली की पुलिस पहुंची। तब जाकर आधा घंटे में जाम खुल सका। इस दौरान कुछ लोगों ने आक्रोश में आकर चालक की पिटाई शुरू कर दी। तभी कुछ लोगों ने बीच बचाव कर चालक को भीड़ से बचाकर एक कमरे में बंद कर दिया। जब पुलिस पहुंची तो चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। उधर, बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।