धनारी। कपड़े चुराने के विवाद में गांव धनारी पट्टी लाल सिंह में हुई किसान की हत्या मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसका चालान कर दिया है। एक आरोपी अभी फरार है। अब तक पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
थाना धनारी क्षेत्र के गांव धनारी पटटी लालसिंह में कपड़े चुराने के विवाद में नरेश कुशवाहा के साथ 19 अक्तूबर की रात नौ बजे मोहल्ले के ही आरोपी ने अपने दो पुत्रों के साथ लाठी डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया है। 20 अक्तूबर की सुबह उपचार को ले जाते समय नरेश की मौत हो गई थी। मृतक को चचेरे भाई नेत्रपाल ने आरोपी सूरजपाल, उसके बेटे यशपाल और नीटू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी थी। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक आरोपी धनारी रेलवे फाटक के पास कही जाने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने आरोपी सूरजपाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया है। पुलिस यशपाल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी हैं। अभी भी तीसरा नामजद आरोपी नीटू फरार चल रहा है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र गंगवार ने बताया कि किसान की हत्या के आरोपी में दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं। एक आरोपी अभी फरार है। उसे भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। शनिवार को पकड़े गए आरोपी का चालान कर दिया है।