चंदौसी(संभल)। सीएचसी में 18 करोड़ रुपये से क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। 50 बेड की पांच मंजिला केयर यूनिट के बेसमेंट समेत पांच मंजिल तक पिलर खड़े करने के साथ लिंटर डालने का कार्य पूरा हो गया है। इसके बाद अब पांचों मंजिल में कमरों के प्लास्टर आदि डेकोरेशन का कार्य किया जाएगा। पांच मंजिला यह यूनिट गंभीर मरीजों को सीएचसी में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराएगी।
अभी तक गंभीर मरीजों जैसे सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए व्यक्तियों को सीएचसी में सामान्य उपचार ही मिल पाता है। बेहतर उपचार के चलते घायलों को हायर सेंटर या फिर अन्य जनपदों में रेफर करना पड़ता है। ऐसे में समय पर सही इलाज न मिलने के कारण कई बार मरीजों की जान पर बन आती है। इसी को लेकर शासन ने चंदौसी सीएचसी में क्रिटिकल केयर यूनिट बनाने की स्वीकृति दी थी। जिसके लिए सीएचसी परिसर में एक हजार वर्ग मीटर जमीन चिह्नित की गई। भूमि चिह्नांकन के बाद 50 बेड की पांच मंजिला क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए 18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ।
रामपुर जिले की कार्यदायी संस्था सीसीयू का निर्माण कार्य दिसंबर 2024 से कर रही है। कार्यदायी संस्था ने सीसीयू के बेसमेंट समेत पांचों मंजिल का कार्य लगभग पूरा कर दिया है। अब डेकोरेशन का कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।
-
ये मिलेंगी सुविधाएं
ऑपरेशन थिएटर, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, आईसीयू, लिफ्ट, आपातकालीन वार्ड, ऑर्थो विंग, सर्जरी विंग, समेत अन्य सुविधाएं 24 घंटे मुहैया होंगी।
-
क्रिटिकल यूनिट के निर्माण से गंभीर मरीजों का उपचार सीएचसी में ही हो सकेगा। भर्ती मरीजों की 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था भी की जाएगी। यूनिट में अत्याधुनिक मशीनें भी लगाई जाएंगी। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उम्मीद है दिसंबर माह तक सीसीयू बन कर तैयार हो जाएगी।
-डॉ. हरविंदर सिंह, सीएमएस, सीएचसी चंदौसी