संभल। थाना क्षेत्र एक गांव में चाचा के लिए खाना लेकर खेत पर गए कक्षा छह के छात्र की रोटावेटर की चपेट में आकर मौत हो गई। छात्र की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हालांकि देर शाम बिना कार्रवाई के ही परिजन उसके शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, यह हादसा गांव किसौली है। यहां के निवासी राकेश यादव का 12 वर्षीय बेटा राजा यादव मंगलवार दोपहर अपने चाचा सुगडपाल यादव के लिए खाना लेकर खेत पर गया था। सुगडपाल गेहूं की बुवाई के लिए खेत की जुताई कर रहे थे। राजा यादव भी ट्रैक्टर पर बैठ गया। पौने तीन बजे जैसे ही वह ट्रैक्टर से नीचे उतरा तो रोटावेटर की कपलिंग चल रही थी। जिसमें उसकी पेंट फंस गई और वह गिर गया। रोटावेटर में फंसने से वह बुरी तरह से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मां गुड्डो देवी को हुई तो वह बेसुध हो गईं। पीड़ित परिजनों ने बताया कि राजा यादव के पिता राकेश यादव दिल्ली में रहकर मजदूरी करते है। राजा अपने तीन भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के ही अंतिम संस्कार की तैयार शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवारों को रौंदा, युवक की मौत, दो लोग घायल
गवां (संभल)। गवां-हसनपुर मार्ग पर गांव सिरसा के नजदीक बाइक सवारों को गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है।
सोमवार की देर रात कस्बा गवां निवासी विष्णु (21) पुत्र राजपाल अपने साथी सोनू के साथ किसी काम से गांव सिरसा जा रहे थे। जैसे ही गवां स्थित संभल चौराहे पर पहुंचे तो सामने से आए गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। जिससे विष्णु और सोनू गंभीर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रजपुरा सीएचसी पहुंचवाया। जहां विष्णु की मौत हो गई, जबकि सोनू की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। युवक की मौत की सूचना पर पहुंची मां लक्ष्मी का रो रो कर बुरा हाल हो गया। वहीं रजपुरा थाना इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तलाश की जा रही है।
कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल
धनारी। थाना क्षेत्र के गांव भकरौली के पास आगरा-मुरादाबाद हाइवे पर कार ने तीन बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए गुन्नौर सीएचसी भेजा है।
बदायूं जनपद के थाना जरीफनगर के गांव नंदपुर निवासी रईस अपने साथी बबलू निवासी समसपुर थाना जरीफनगर को साथ लेकर बाइक से मंगलवार की सुबह संभल जनपद के थाना रजपुरा के गांव तीपेड़ा गया था। जहां दावत खाने के बाद लौटने पर छविराम निवासी कोटा थाना जरीफनगर भी उनकी बाइक पर बैठ गया। जब तीनों बाइक सवार आगरा-मुरादाबाद हाइवे गांव भकरौली के पास पहुंचे तो पीछे से कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल तीनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।