सरायतरीन। पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव अहमदनगर थरैसा में 13 जुलाई करंट की चपेट में आकर झुलसे छह वर्षीय माधव ने रविवार सुबह आठ बजे दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में झुलसी मां की हालत में सुधार है। बिजली निगम की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में रोष है। गांव अहमदनगर थरैसा निवासी लोकेंद्र ने बताया कि वह गांव में जमीन पेशगी पर लेकर खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन पोषण करता है। 13 जुलाई को सुबह खेत से वापस घर जाते समय पत्नी गंगादेई और बेटा माधव बिजली खंभे में उतरे करंट की चपेट में आकर झुलस गए थे। दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार की सुबह माधव की मौत हो गई। घटना की जानकारी बिजली निगम के अधिकारियों को दी गई, फिर भी गांव में आकर जांच पड़ताल नहीं की। कहा कि गांव में गुजर रही हाईटेंशन लाइन से तीन साल में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। बिजली निगम ने हाइटेंशन लाइन हटाने के लिए प्रयास नहीं किए।
अधिशासी अभियंता चंदौसी दीप लव श्रीवास्तव ने कहा कि 13 जुलाई की घटना को लेकर एसडीओ जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। हाईटेंशन लाइन हटाने के लिए निगम के अधिकारियों से बात की जाएगी।
0000000000
वर्ष 22 में हाईटेंशन लाइन से हुई थी दो की मौत
गांव अहमदनगर थरैसा में 22 अगस्त 2022 को छोटेलाल के घर के अंदर निजी नल को उखेड़ते वक्त हाइटेंशन लाइन से टच होने पर करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी। जिनमें गांव कैली निवासी दिलवर (65 वर्ष) और गांव अहमदनगर थरैसा निवासी छोटेलाल का साला थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव पैंगा निवासी अनुपम सिंह (22 वर्ष) थे। छोटेलाल का बेटा जयप्रकाश गंभीर रूप से झुलसा था। उस समय विधायक गुलाबो देवी और जिला पंचायत सदस्य अवधेश प्रताप सिंह ने हाइटेंशन लाइन हटाने को कहा मगर करीब तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी सुनवाई नहीं हो सकी है।