चंदौसी। नगर पालिका के कर्मचारी ने जेसीबी चला कर सीता रोड स्थित पंजाबी काॅलोनी में एक घर के बाहर लगे हरे पेड़ उजाड़ दिए। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित मकान स्वामी ने डीएम और एसडीएम को शिकायतीपत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। गणेश कॉलोनी गली नंबर 6बी के रहने वाले अनिरुद्ध शंखधार ने शिकायतीपत्र में कहा है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए एक ओर सरकार एक पेड़ मां के नाम अभियान चला रही है। वहीं हरे पेड़ों को उजाड़ा जा रहा है। बताया कि उनका एक मकान पड़ोस में ही पंजाबी काॅलोनी में है। घर के बाहर हरे पेड़ लगे हैं। शनिवार की दोपहर नगर पालिका का एक कर्मचारी जेसीबी मशीन लेकर उनके मकान पर पहुंचा और घर के बाहर लगे हरे पेड़ जेसीबी से उखाड़ने शुरू कर दिए। परिवार के लोगों ने विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता की।
मामला देख पास पड़ोस के लोग भी आ गए। कुछ पेड़ों को उखाड़ने के बाद कर्मचारी जेसीबी लेकर लौट गया। पीड़ित ने बताया कि इस संदर्भ में डीएम और एसडीएम से शिकायत की है। साथ ही मौके की वीडियो और फोटो भी उपलब्ध करा दिए हैं।
मामला संज्ञान आया है। इस संदर्भ में ईओ ने संबंधित से स्पष्टीकरण मांगा है। जो भी दोषी होगा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अखिलेश कुमार खिलाड़ी, पालिकाध्यक्ष पति