चंदौसी सीएचसी में दवा लेने के लिए लगी मरीजों की लाइन - संवाद
चंदौसी(संभल)। बारिश के मौसम में लोग कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को भीषण बारिश होने के बाद मंगलवार को सीएचसी में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। ज्यादातर मरीज बदन दर्द, बुखार, जुकाम व पेट संबंधित बीमारी का उपचार कराने के लिए पहुंचे। वहीं, चिकित्सकों ने भी दवा के साथ- साथ मरीजों को बारिश में न भीगने और खानपान का ध्यान रखने की सलाह दी।
रविवार का अवकाश और सोमवार को पूरे दिन हुई बारिश के बाद जब मंगलवार को सीएचसी खुली, तो मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। करीब एक हजार से ज्यादा मरीजों की ओपीडी हुई। आलम ये हो गया कि पर्चा खिड़की से लेकर चिकित्सक कक्ष व दवा लेने के लिए मरीजों की लाइन लग गई। आधा- आधा घंटे तक मरीजों को चिकित्सक के पास पहुंचने में समय लगा।
सीएचसी के सीएमएस डा. हरविंदर सिंह ने बताया कि नए करीब 880 और पुराने लगभग 296 मरीजों की ओपीडी की गई। ज्यादातर मरीज वायरल बुखार, बदन दर्द, खांसी, जुकाम व उल्टी व दस्त के रहे। इसके अलावा अन्य बीमारियों के मरीजों का भी उपचार किया गया।
सीएमएस ने बताया कि बदलते मौसम, बारिश के पानी में भीगने और गंदगी की वजह से संक्रमण होने से लोग बीमारी की चपेट में आ रहे है। ऐसे में मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।