संभल। सिरसी में रेलवे क्रासिंग के निकट स्थित दो बीघा निजी भूमि खरीदी गई थी। इसी के पास में ग्राम समाज की भूमि भी है। आरोपियों ने निजी भूमि के साथ ढाई बीघा ग्राम समाज की भूमि पर प्लॉटिंग कर उसे बेच दिया। तहसील प्रशासन ने मामले की जांच कराई तो मामला पकड़ में आया। मामले में सात महिलाओं समेत 21 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह रिपोर्ट क्षेत्रीय लेखपाल व प्रभारी राजस्व निरीक्षक की तहरीर के आधार पर हुई है।
सिरसी में रेलवे क्रासिंग के निकट सिरसी के कुछ निवासियों की भूमि थी, जिसकी बिक्री कर दी गई। इसी के बराबर में ग्राम समाज की भूमि भी है। करीब दो बीघा निजी भूमि को जिन लोगों ने खरीद था। उन्होंने मौके पर प्लॉटिंग शुरू कर दी। प्लॉटिंग के दौरान करीब ढाई बीघा ग्राम समाज की भूमि को भी शामिल कर लिया गया। जिसके कूट रचित दस्तावेज तैयार कराए गए और उसे भी बेच दिया गया।
इसकी जानकारी तहसीलदार मनोज कुमार सिंह को लगी तो उन्होंने पंद्रह दिन पूर्व प्रकरण की जांच कराई। जांच में यह सामने आया कि आरोपियों ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा उसकी बिक्री भी कर दी है। जांच में यह बात सामने आने पर राजस्व कर्मियों ने पैमाइश की और ठियाबंदी कर दी गई, लेकिन बाद में आरोपियों ने ठियाबंदी को उखाड़ फेंक दिया और कब्जा व निर्माण कार्य जारी रखा। जिसके बाद तहसीलदार मनोज कुमार सिंह ने भी सख्ती दिखाई।
क्षेत्रीय लेखपाल/प्रभारी राजस्व निरीक्षक सुनील कुमार ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी। शुक्रवार देररात इस प्रकरण में हजरतनगर गढ़ी पुलिस ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और उसे प्लॉट के रूप में बेचने व राजस्व कर्मियों को डराने-धमकाने के साथ आम लोगों के साथ भी धोखाधड़ी करने के आरोप में सात महिलाओं समेत 21 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई है रिपोर्ट
हजरतनगर गढ़ी थाने के इंस्पेक्टर सीवी सिंह ने बताया कि परवीन पत्नी यासीन निवासी सरायतरीन, शाईस्ता पत्नी अशरफउद्दीन निवासी मोहल्ला नाला संभल, शबनम पत्नी हसीब निवासी डेरा सराय संभल, कुरैशा पत्नी रहमइलाही निवासी मोहल्ला गिन्नौरी सिरसी, गुलिस्ता पत्नी हारून निवासी डेरा सराय संभल, यासीन पुत्र यामीन निवासी सरायतरीन, अशरफउद्दीन पुत्र बहरे मुस्तकीम निवासी मोहल्ला नाला संभल, हसीब पुत्र हाफिज रफीक निवासी डेरा सराय संभल, रहम इलाही पुत्र मौला बख्श निवासी सिरसी, हारून पुत्र यामीन निवासी डेरा सराय संभल, अजीमुउद्दीन पुत्र रफीउद्दीन निवासी प्रिंस रोड मुरादाबाद, नईम अहमद पुत्र अब्दुल हफीज निवासी मोहल्ला ठाकुरान बिलारी, वाजिद अली पुत्र वाहिद अली निवासी बागड़पुर कला अमरोहा, मोहम्मद सुलेमान पुत्र सद्दन निवासी मोहल्ला जामा मस्जिद जोया, राखी अग्रवाल पत्नी गोपाल अग्रवाल निवासी महमूदखां सराय संभल, बेवी तबस्सुम पत्नी मोहम्मद एहतेमाम निवासी कबीर की सराय संभल, मोहम्मद जाकिर पुत्र मुजाहिद हुसैन निवासी मोहल्ला फुलवार नई सराय संभल, मोहम्मद जान पुत्र हबीवउल्ला कुरैशी निवासी सादक सराय सिरसी, सालिम हुसैन पुत्र साबिर हुसैन निवासी गिन्नौरी सिरसी, मोहम्मद सालिम पुत्र बन्ने हुसैन सैफी निवासी गाजियाबाद, फुरकान पुत्र मोहम्मद राशिद निवासी हातिम सराय संभल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा करने, फर्जी तरीके से जमीन को बेचने व आम लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में 21 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस तरह का फर्जीवाड़ा करना बेहद गंभीर है। प्रशासन अपनी कार्रवाई जारी रखेगा। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
मनोज कुमार सिंह, तहसीलदार, संभल