गुन्नौर। धोखाधड़ी और मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ करीब एक साल बाद मुकदमा दर्ज किया।
बबराला के मोहल्ला कल्लू नगला निवासी भगत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कहा था कि उसने वर्ष 2018 में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निकाली गई ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी व समाज कल्याण पर्यवेक्षक की भर्ती में ग्राम पंचायत अधिकारी पद के लिए आवेदन किया था। जिसकी परीक्षा नोएडा में आयोजित हुई थी। इस परीक्षा के कुछ दिन बाद उसे गौरव शर्मा निवासी कृतिया थाना धनारी मिला, उसने बताया कि वह परीक्षा में पास करा देगा और नौकरी के लिए चयन भी करा देगा। इसके लिए आरोपी ने पीड़ित से दस लाख रुपये की मांग की थी। आरोपी ने बताया कि पांच लाख रुपये पहले और पांच लाख नौकरी लगने के बाद देने होंगे।
इस पर पीड़ित ने आरोपी को पांच लाख रुपये दे दिए। जब परीक्षा परिणाम आया, तो भर्ती सूची में पीड़ित का नाम नहीं था। तब पीड़ित ने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे, तो उसने काफी दबाव बनाने के बाद 2,10000 रुपये लौटा दिए। इसके बाद 19 अप्रैल वर्ष 2024 में आरोपी व उसका भाई कुलदीप पीड़ित के घर आए और उसके साथ गाली गलौज व मारपीट करने लगे। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग आ गए। जिन्हें देख दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए।